10 प्रतिशत मासिक लाभ का लालच देकर 72 लाख की ठगी, आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

चिरमिरी पुलिस ने निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक लाभ और 10 माह में राशि दोगुनी करने का झांसा देकर 72 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी, ऑनलाइन ट्रेडिंग और अन्य व्यवसायों में निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ऐंठे थे।

Jun 20, 2026 - 18:24
 0  9
10 प्रतिशत मासिक लाभ का लालच देकर 72 लाख की ठगी, आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA.  चिरमिरी l निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ और केवल 10 माह में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को चिरमिरी पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी, ऑनलाइन ट्रेडिंग और अन्य व्यवसायों में निवेश कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर बड़ी रकम हासिल की थी। पुलिस जांच में तीन लोगों से कुल 72 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार चिरमिरी निवासी अनवर मोहम्मद ने 23 अप्रैल 2026 को थाना चिरमिरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बिलासपुर निवासी विकास घोघाल ने निवेश पर प्रति माह 10 प्रतिशत लाभ देने और 10 माह में राशि दोगुनी करने का भरोसा दिलाया था। आरोपी के झांसे में आकर अनवर मोहम्मद ने अलग-अलग तिथियों में अपने बैंक खातों से कुल 10 लाख रुपये निवेश किए।

शुरुआती दौर में आरोपी ने विश्वास बनाए रखने के लिए कुछ लाभ राशि वापस भी की, लेकिन बाद में उसने अतिरिक्त 5 लाख रुपये नकद लेकर संपर्क समाप्त कर दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने केवल एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि अन्य लोगों को भी इसी तरह निवेश का झांसा देकर ठगा था। जांच में सामने आया कि चिरमिरी निवासी तापस बनर्जी से 28 लाख रुपये और जॉय बंधोपाध्याय से 30 लाख रुपये लिए गए थे। इस प्रकार तीनों लोगों से कुल 72 लाख रुपये की ठगी की गई।

मामले में थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 175/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने बैंक खातों के लेन-देन, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने 17 जून 2026 को बिलासपुर में दबिश देकर आरोपी विकास घोघाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2019 में “सुखरानी ट्रेंड ट्रेवल्स” और वर्ष 2024 में “सुखरानी लॉजिस्टिक्स” के नाम से कंपनियां संचालित की थीं। इन्हीं कंपनियों के माध्यम से लोगों को अधिक लाभ का प्रलोभन देकर निवेश कराया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने विभिन्न लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये एकत्र किए थे। इस राशि का उपयोग उसने वाहन खरीदने और अन्य निजी कार्यों में किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

आरोपी को 18 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में अन्य निवेशकों, वित्तीय लेन-देन और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।