मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन पर रायपुर के काली मंदिर में यज्ञ-हवन, सावित्री जगत ने दी दीर्घायु की कामना

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन के अवसर पर रायपुर स्थित काली मंदिर में यज्ञ-हवन व पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उत्कल महिला महामंच की प्रदेश अध्यक्ष सावित्री जगत ने किया।

Feb 22, 2026 - 11:33
 0  4
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन पर रायपुर के काली मंदिर में यज्ञ-हवन, सावित्री जगत ने दी दीर्घायु की कामना

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित काली मंदिर रायपुर में उनके स्वस्थ, मंगलमय एवं दीर्घायु जीवन तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर विधिवत यज्ञ, हवन एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम सामाजिक संस्था उत्कल महिला महामंच की प्रदेश अध्यक्ष सावित्री जगत के नेतृत्व में संपन्न हुआ। दोपहर 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन प्रारंभ किया गया, जिसमें प्रदेश की उन्नति, शांति एवं सामाजिक समरसता के लिए विशेष प्रार्थना की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सावित्री जगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संपूर्ण जीवन गरीब, आदिवासी और वंचित वर्ग के उत्थान को समर्पित रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को गरीब और आदिवासी समाज का मसीहा बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों के साथ मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का नेतृत्व प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सरल, सहज और जनहितैषी व्यक्तित्व उन्हें जनता के बीच विशेष स्थान दिलाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पार्षद अमर गिदवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री का नेतृत्व युवाओं, महिलाओं और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर सुधार हो रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील कुकरेजा, पार्षद अंबर अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष (अनुसूचित जाति) बसंत बाग, चंदू बघेल, साजन ठाकुर, राजकुमार राठी, किशोर नायक, हेमा सागर, मेनका बघेल, संगीता मुदलियार, रेखा सोनी, सुधा, किरण बघेल, माला सोनी, तनुजा महानंद सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की