डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर दो दिवसीय समारोह, प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर नवीन अंकुर महिला मंडल, काली रायपुर द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से दो दिवसीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वाद-विवाद, भाषण, निबंध, चित्रकला, कविता पाठ, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुईं। समापन अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।

Sep 24, 2026 - 13:18
Sep 24, 2026 - 13:19
 0  2
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर दो दिवसीय समारोह, प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l महान शिक्षाविद, राष्ट्रवादी चिंतक एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर नवीन अंकुर महिला मंडल, काली रायपुर द्वारा दो दिवसीय विविध आयामी समारोह का आयोजन किया गया। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

नवीन अंकुर महिला मंडल की अध्यक्ष मीना गौतम ने बताया कि दो दिवसीय समारोह में वाद-विवाद, भाषण, निबंध, चित्रकला, कविता पाठ, नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी बौद्धिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समारोह के प्रथम दिवस 25 अगस्त को लक्ष्मी नारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सूर्यकांत राठौर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी ममता अग्रवाल, स्थानीय पार्षद स्वप्निल मिश्रा और अंजली गोलछा शामिल हुईं। विद्यालय की सह-प्राचार्य एवं कार्यक्रम प्रभारी संध्या दुबे के संयोजन में छात्राओं ने विभिन्न ज्ञानवर्धक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का दूसरा दिन और समापन समारोह 26 अगस्त को शासकीय प्राथमिक शाला, ग्राम नगपुरा, जिला रायपुर के प्रांगण में आयोजित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रहे। उन्होंने आयोजन और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को बधाई दी।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित रहा। उनके 125वें जयंती वर्ष में इस तरह के रचनात्मक और वैचारिक आयोजनों से नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और युवा जब राष्ट्र निर्माण से जुड़े सकारात्मक मंचों पर भागीदारी करते हैं, तो समाज को सशक्त बनाने में योगदान मिलता है।

समापन अवसर पर मंत्री ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में ग्राम नगपुरा के सरपंच शशांक वर्मा, मंदिर हसौद मंडल अध्यक्ष, समाजसेवी शोभा यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में नवीन अंकुर महिला मंडल की अध्यक्ष मीना गौतम, चंदा साहू, मीना जगत, श्वेता गौतम सहित मंडल की सदस्यों का योगदान रहा। समापन पर मीना गौतम ने अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।