स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने से प्रदेश को होगा लाभ: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी बनाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि उनके लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव से प्रदेश को लाभ मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस की प्रतिक्रियाओं और एसआईआर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी जवाब दिया।

Sep 24, 2026 - 13:27
 0  2
स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने से प्रदेश को होगा लाभ: अरुण साव

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाए जाने पर कहा कि उनके लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव से प्रदेश को लाभ मिलेगा। उन्होंने स्मृति ईरानी को अनुभवी, सक्रिय, मेहनती और संघर्षशील नेता बताते हुए कहा कि संगठन में लंबे अनुभव के साथ उन्होंने केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली है।

नवा रायपुर अटल नगर कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अरुण साव ने कहा कि स्मृति ईरानी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं और केंद्र सरकार में शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। उनके अनुसार, ऐसे अनुभवी नेता के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने से संगठन को मजबूती मिलने के साथ सरकार के कामकाज में भी सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।

अरुण साव ने बताया कि स्मृति ईरानी के साथ सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के अनुभव से पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और मजबूती में मदद मिलेगी। इससे पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के लिए काम कर सकेगी।

कांग्रेस की ओर से स्मृति ईरानी की नियुक्ति पर की गई प्रतिक्रिया को लेकर अरुण साव ने कहा कि स्मृति ईरानी ने अमेठी में राहुल गांधी को हराया था, इसलिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं में उनके प्रभारी बनने को लेकर खौफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से की जा रही बयानबाजी का कोई लाभ नहीं होगा।

एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार के भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। उनके अनुसार, देश में पहली बार इस तरह का सर्वे नहीं किया जा रहा है और पूर्व में कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में भी ऐसी प्रक्रिया हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी इस विषय पर विचार कर निर्णय दे चुका है।

अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर बिना वजह भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने और जनता के लिए काम करने पर अपना ध्यान केंद्रित करेगी।