UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह,रायपुर | छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि समृद्ध और सुलभ ग्रामीण भारत के निर्माण के लिए मजबूत आधारभूत संरचना अत्यंत आवश्यक है। पुल केवल दो स्थानों को नहीं जोड़ते, बल्कि जीवन, अवसर और विकास की संभावनाओं को भी जोड़ते हैं।
मंत्री वर्मा आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड सिमगा के ग्राम सकरी में नवापारा-सकरी-सतभांवा मार्ग निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इस सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। पुल-पुलियों सहित बनने वाले इस मार्ग का निर्माण 7 करोड़ 82 लाख 58 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है और इस बार जिले में कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे गांवों का शहरों से संपर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मंत्री वर्मा ने किसानों के हितों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार लगातार किसान हितैषी योजनाएं लागू कर रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद कृषक उन्नति योजना के तहत शेष राशि का एकमुश्त भुगतान भी होली से पहले किसानों को कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटी पूरी हो चुकी हैं और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलतराम पाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मोहन वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।