विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: रोल ऑब्जर्वर अभिनव गुप्ता ने कबीरधाम में एसआईआर कार्यों का किया निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त रोल ऑब्जर्वर श्री अभिनव गुप्ता ने कबीरधाम जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत दावा-आपत्ति शिविर एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर पारदर्शिता और समयबद्धता के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के लिए नियुक्त रोल ऑब्जर्वर अभिनव गुप्ता, अतिरिक्त महानिदेशक, विदेश व्यापार महानिदेशालय, नई दिल्ली ने आज कबीरधाम जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के अंतर्गत विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रोल ऑब्जर्वर गुप्ता ने ग्राम पंचायत छिरहा में आयोजित दावा-आपत्ति शिविर का अवलोकन किया। शिविर में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विकास जैन द्वारा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार सुनवाई की जा रही थी। श्री गुप्ता ने शिविर में उपस्थित विभिन्न मतदान केन्द्रों के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं स्थानीय मतदाताओं से चर्चा कर पुनरीक्षण प्रक्रिया की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाए रखने के लिए बीएलओ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यों को पूरी निष्ठा से करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात रोल ऑब्जर्वर ने तहसील कार्यालय, कवर्धा का भी निरीक्षण किया। यहां तहसीलदार परमेश्वर लाल मंडावी एवं तहसीलदार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रीति लारोकर द्वारा नो मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई की जा रही थी। रोल ऑब्जर्वर गुप्ता ने प्रस्तुत दस्तावेजों का सूक्ष्म परीक्षण किया और कहा कि सभी प्रकरणों का निराकरण पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता एवं नियमों के अनुरूप किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे तथा पात्र मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर मनोज केसरिया, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर जयशंकर उरांव, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गोपाल वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र पैकरा, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा क्षेत्र 72-कवर्धा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।