शिवनंदनपुर नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंगल भवन निर्माण की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले के नवनिर्मित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वार्ड क्रमांक 06 में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की तथा जनप्रतिनिधियों से मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

Jun 18, 2026 - 12:03
 0  2
शिवनंदनपुर नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंगल भवन निर्माण की घोषणा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर, 17 जून 2026, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सूरजपुर जिले के नवनिर्मित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवनंदनपुर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 06 में एक सुसज्जित मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित नागरिकों ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति है। इससे क्षेत्र में सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया है, उस विश्वास को बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से बिजली, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों को शासन एवं जनता के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से भी शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री कॉल सेंटर का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नगर पंचायत बनने से शिवनंदनपुर के विकास को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल में दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोषण आहार प्रदर्शित किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी ली।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, मत्स्य विक्रय उपकरण तथा अन्य लाभकारी सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।