सेवा संकल्प अभियान’ जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाने, स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान और अन्य जनसेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए।

Sep 23, 2026 - 12:03
 0  2
सेवा संकल्प अभियान’ जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम : अरुण साव

UNITED NEWS OF ASIA. कोरबा। उप मुख्यमंत्री तथा कोरबा जिले के मंत्री अरुण साव ने 22 सितंबर को जिला मुख्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संचालित गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में अभियान की प्रस्तावित गतिविधियों की रूपरेखा, तिथि और आयोजन स्थलों को अंतिम रूप देने के साथ सभी कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

अरुण साव ने कहा कि एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए शासन, प्रशासन और आमजन का समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध और सुव्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर लोगों की सहभागिता अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला और भाषण के माध्यम से देश के प्रति अपने विचार व्यक्त किए जाने का भी उल्लेख किया गया।

उन्होंने अभियान के आगामी कार्यक्रमों के लिए तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और आयोजन स्थलों का समय पर चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों की तिथि, स्वरूप और स्थल की पूर्व जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। सभी विभागों को समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

अरुण साव ने कहा कि अभियान के तहत गांवों और शहरों में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। नदी-घाटों की साफ-सफाई, वृहद पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। उन्होंने लोगों को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति संकल्प दिलाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने केंद्र और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में संकलित कर आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से हुए वास्तविक बदलाव की प्रेरक कहानियां अभियान को और प्रभावी बनाने में सहायक होंगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम है। इसके लिए गांवों और शहरों में मुनादी, बैनर, पोस्टर सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ प्राप्त कर सकें।

श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जिला मुख्यालय से लेकर नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाए। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर उन्होंने जोर दिया।

बैठक में कोरबा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएफओ कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।