सर्व अग्रवाल समाज का धरना बना जन आंदोलन, 72 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा छत्तीसगढ़ बंद

रायपुर में सर्व अग्रवाल समाज का धरना जन आंदोलन में तब्दील हो गया। हजारों की संख्या में लोगों ने अग्रसेन चौक पर एकत्र होकर इष्ट देव पर कीचड़ उछालने वाले आरोपी अमित बघेल पर रासुका लगाने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज ने चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे छत्तीसगढ़ में बंद का आह्वान किया जाएगा।

Nov 7, 2025 - 11:32
 0  28
सर्व अग्रवाल समाज का धरना बना जन आंदोलन, 72 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा छत्तीसगढ़ बंद

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार को सर्व अग्रवाल समाज का विशाल धरना प्रदर्शन एक जन आंदोलन का रूप लेता नजर आया। अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी में हजारों की संख्या में लोगों ने एकजुट होकर समाज के इष्ट देव पर कीचड़ उछालने वाले आरोपी अमित बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आंदोलन की शुरुआत राष्ट्रीय और राजकीय गीत के वंदन से की गई।

 

अग्रवाल समाज के इस महाआंदोलन को प्रदेशभर के विभिन्न समाजों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। सिंधी समाज, माहेश्वरी समाज, सिख समाज, ब्राह्मण समाज, नामदेव समाज, उत्कल समाज समेत 25 से अधिक सामाजिक संगठनों ने इसमें शामिल होकर एकता का परिचय दिया।

अग्रवाल समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. अशोक अग्रवाल और मनमोहन अग्रवाल ने बताया कि समाज की मांग है कि आरोपी अमित बघेल पर 72 घंटे के भीतर रासुका लगाई जाए और उसकी गिरफ्तारी की जाए। यदि प्रशासन ने इस अवधि में कार्रवाई नहीं की, तो छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया जाएगा।

सभा में प्रमुख वक्ताओं के रूप में डॉ. उदयभान सिंह चौहान, राकेश अग्रवाल, अशोक मोदी, कृष्णकुमार अग्रवाल, अमर अग्रवाल, मनमोहन सैलानी, सुभाष बजाज, किशोर आहूजा सहित कई समाजसेवियों ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि ऐसे अराजक तत्वों को कठोर दंड दिया जाना चाहिए ताकि भविष्य में कोई समाजिक आस्था का अपमान करने का दुस्साहस न कर सके।

वक्ताओं ने अमित बघेल पर भ्रष्टाचार, कांसा चोरी और समाज के नाम पर अवैध चंदा उगाही के आरोप भी लगाए। सभा में शामिल लोगों ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही 36 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, इसलिए उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

 

धरना स्थल पर रायपुर, भिलाई, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, बसना, सारंगढ़, खरसिया, और धमतरी से समाज के प्रतिनिधि पहुंचे। आंदोलन का नेतृत्व छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के संरक्षक सियाराम अग्रवाल, अध्यक्ष अशोक अग्रवाल और महामंत्री मनमोहन अग्रवाल ने किया।

सभा के अंत में समाज ने प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो यह आंदोलन अब प्रदेशव्यापी होगा।