रायपुर प्रेस क्लब में सजा तीज का रंग, रैंप वॉक और खेल प्रतियोगिताओं के बीच महिला पत्रकारों ने मनाया उत्सव
रायपुर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों के लिए तीज महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना वोरा ने कार्यक्रम में शामिल होकर रैंप वॉक सहित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक, मनोरंजक खेलों और सांस्कृतिक माहौल ने आयोजन को यादगार बना दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और तीज पर्व के रंग में सजे इस आयोजन में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना वोरा विशेष रूप से शामिल हुईं। अतिथियों ने महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाने के साथ विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खास हो गया।
तीज महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रैंप वॉक रहा, जिसमें महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में अपनी प्रस्तुति दी। सादगी, आत्मविश्वास और पारंपरिक अंदाज के साथ महिला पत्रकारों ने रैंप पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप पर उतरीं। सिर पर पल्लू लेकर उनके पारंपरिक रूप ने कार्यक्रम में मौजूद महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया।
विधायक भावना वोरा ने भी रैंप वॉक में सहभागिता की और महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। उनका सहज और आत्मीय अंदाज कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा। राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर प्रस्तुति देकर महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया। जनप्रतिनिधियों की इस सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को केवल औपचारिक कार्यक्रम न रखकर आत्मीय मिलन और उत्सव का रूप दे दिया।
तीज महोत्सव के दौरान महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। महिला पत्रकारों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। हंसी-मजाक, खेल और आपसी मेलजोल के बीच कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा बना रहा। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडे और श्वेता पड्डा भी शामिल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन किया तथा महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा महिला पत्रकारों के लिए तीज महोत्सव आयोजित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं और ऐसे आयोजन उन्हें काम की व्यस्तता के बीच उत्सव मनाने तथा आपसी संवाद का अवसर प्रदान करते हैं।
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने तीज को महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं का पर्व बताया। उन्होंने महिला पत्रकारों की सक्रिय भूमिका और योगदान की सराहना करते हुए सभी को तीज की शुभकामनाएं दीं।
विधायक भावना वोरा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज की आवाज को मजबूती के साथ सामने रखने का काम कर रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर साथ मिलकर खुशियां मनाने का अवसर देते हैं। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब की इस पहल को महिला पत्रकारों के बीच आत्मीयता और सहभागिता मजबूत करने वाला बताया।
कार्यक्रम के अंत में महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट भी प्रदान किया गया। उपहार पाकर महिला पत्रकारों में उत्साह देखने को मिला। प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि महिला पत्रकार प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण और सक्रिय शक्ति हैं। तीज महोत्सव का उद्देश्य उन्हें संस्कृति और परंपरा के साथ जुड़ने तथा आपसी मेलजोल का अवसर देना है।
कार्यक्रम में महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली अमृता शर्मा, प्रियंका कौशल, मीनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, विनीता मंडल, सोनल भारद्वाज, सुजाता साहा और अंबिका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार उपस्थित रहीं। तीज के पारंपरिक रंग, रैंप वॉक, खेल प्रतियोगिताओं और आत्मीय मेलजोल ने रायपुर प्रेस क्लब परिसर को उत्सवमय बना दिया।