उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत, कहा- देश का नाम रोशन करें खिलाड़ी
बिलासपुर के तोरवा स्थित रेड डायमंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और अधोसंरचना का विस्तार कर रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज तोरवा स्थित रेड डायमंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ की पुरुष, महिला तथा 19 वर्ष आयु वर्ग की बालक-बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 170 खिलाड़ी और ऑफिशियल शामिल हुए। विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, बेहतर कोर्ट कवरेज, दमदार स्मैश और प्रभावी रणनीति के साथ मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में अरुण साव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन एकाग्रता, त्वरित प्रतिक्रिया, धैर्य और शारीरिक क्षमता का खेल है। लगातार अभ्यास और मेहनत के माध्यम से खिलाड़ी अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाते हुए सफलता की ओर बढ़ते हैं। बिलासपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ अपनी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को निखारने का अवसर दिया है।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को चैंपियन बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ प्रशिक्षण सुविधाओं और खेल अधोसंरचना के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के बड़े मंच मिले हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब हॉकी लीग के आयोजन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के नए अवसर मिलेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से बंद खेल अलंकरण समारोह को सरकार ने फिर से शुरू किया है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को 1.74 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा कर उन्हें शासकीय सेवा का अवसर देने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान और प्रोत्साहन देने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
अरुण साव ने उन खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया जिन्हें प्रतियोगिता में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है। असफलता से सीख लेकर लगातार प्रयास करते रहना ही खिलाड़ी को आगे बढ़ाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से मेहनत और अनुशासन के साथ अपने खेल को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के मेंस सिंगल वर्ग में छत्तीसगढ़ के सिद्धार्थ प्रताप सिंह चैंपियन रहे, जबकि हर्षल भोयर दूसरे स्थान पर रहे। महाराष्ट्र के आर्य भिवपाठकी और सर्वेश महेश यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला एकल में महाराष्ट्र की साद धर्माधिकारी विजेता रहीं और तनिष्का देशपांडे दूसरे स्थान पर रहीं। छत्तीसगढ़ की हीरल चौहान और गुजरात की काव्य मरवानिया तीसरे स्थान पर रहीं। मेंस डबल में महाराष्ट्र के अर्जुन तानाजी बिराजदार और आर्यन तानाजी बिराजदार ने चैंपियन का खिताब जीता। वुमेंस डबल में महाराष्ट्र की अनघा करंदीकर और नेहाल गोसावी विजेता रहीं। समारोह में धर्मजीत सिंह, अरविन्द गोयल, एमएल चंद्राकर, मनीष उभरानी, कमल कृष्ण रॉय, जावेद अली, प्रताप भट्टाचार्य, गुरदीप सिंह और हेम पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।