यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में किया गया। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध तत्वों को चिन्हित कर सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस द्वारा थानों में उपस्थित कराए गए सभी चाकूबाजों और हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई कि वे किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त न रहें। उन्हें यह भी निर्देश दिए गए कि यदि उनके संपर्क में कोई ऐसा व्यक्ति है जो आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहता है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सभी व्यक्तियों को अपने संबंधित थानों में नियमित रूप से साप्ताहिक हाजिरी देने, पुलिस द्वारा बुलाए जाने पर तत्काल उपस्थित होने तथा अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण एवं कानून के दायरे में जीवन यापन करने की समझाइश दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि अपने निवास क्षेत्र में यदि किसी प्रकार की छोटी या बड़ी आपराधिक घटना होती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
अभियान के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो, वीडियो और रील्स पोस्ट करने वाले युवकों और असामाजिक तत्वों को भी विशेष रूप से चिन्हित किया। ऐसे लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘डॉन’, ‘गैंगस्टर’, ‘माफिया’ जैसे नामों से आईडी बनाकर हाथ में चाकू, तलवार, एयर गन या पिस्टलनुमा लाइटर गन के साथ वीडियो और फोटो अपलोड करने की पुनरावृत्ति न करें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल समाज में भय का वातावरण बनाती हैं, बल्कि युवाओं को गलत दिशा में भी प्रेरित करती हैं। भविष्य में यदि कोई व्यक्ति इस तरह की आपत्तिजनक पोस्ट या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस का यह अभियान शहर में अपराधियों के मन में भय और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नॉर्थ जोन क्षेत्र में इस प्रकार की परेड और निगरानी की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।