पंडरिया नगर पालिका समीक्षा बैठक: विधायक भावना बोहरा ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया जोर

पंडरिया नगर पालिका परिषद की समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने अधिकारियों को विकास कार्य तय समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुविधाओं के विस्तार, शिकायतों के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

Apr 11, 2026 - 18:33
 0  2
पंडरिया नगर पालिका समीक्षा बैठक: विधायक भावना बोहरा ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया जोर

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा। पंडरिया नगर पालिका परिषद में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों को तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इसका लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और अधोसंरचना निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का शीघ्र निराकरण करते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए।

समीक्षा बैठक के दौरान विधायक भावना बोहरा ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्ड पार्षदों से एक-एक कर संवाद किया और उनके वार्डों में चल रहे विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। पार्षदों द्वारा बताई गई समस्याओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग समस्या और ट्रैफिक प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वार्डों में पुराने विद्युत तारों को दुरुस्त किया जाए, बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, लाभार्थियों को समय पर किश्त उपलब्ध कराने तथा आवेदनों का त्वरित निपटारा करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए।

बैठक में बिजली आपूर्ति की स्थिति, ट्रांसफार्मर की उपलब्धता और रखरखाव पर भी चर्चा की गई। साथ ही भू-राजस्व से जुड़े मामलों के शीघ्र निराकरण और नगर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया नगर में पिछले ढाई वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं, जिनसे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि हरिनाला पुल निर्माण, अटल परिसर, भारत माता चौक, सुतियापाट नहर विस्तारीकरण, पंडरिया बायपास और चौपाटी निर्माण जैसे कई कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा नालंदा परिसर, नवीन पालिका भवन और व्यावसायिक परिसर निर्माण को भी स्वीकृति मिली है।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और सर्वसुविधायुक्त बनाना उनका लक्ष्य है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।