घायल मेघनाथ चंद्रवंशी मूल रूप से डोंगरगढ़ क्षेत्र के मानिकपुर निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में खैरागढ़ नगर पालिका में सहायक राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार वे शनिवार को ग्राम खपरी सरदार स्थित अपनी बहन के घर गए हुए थे। रविवार को वापस खैरागढ़ लौटते समय अमलीडीह खुर्द के पास यह हादसा हुआ।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल संजीवनी एक्सप्रेस 108 को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल खैरागढ़ लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान बताया कि उनके दाहिने हाथ की एक उंगली गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है, वहीं दाहिने पैर में फ्रैक्चर भी पाया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और वे मेडिकल कॉलेज पहुंच चुके हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही खैरागढ़ नगर पालिका के कई कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंच गए। कर्मचारियों ने चिकित्सकों से घायल की स्थिति की जानकारी ली और परिजनों से संपर्क कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। नगर पालिका कर्मचारियों और अधिकारियों में इस घटना को लेकर गहरी चिंता देखी गई।
इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि दुर्घटनास्थल के आसपास के मार्गों पर लगे कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही आरोपी वाहन का सुराग लगाया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमलीडीह खुर्द के पास शाम और रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की जांच जारी है। घायल अधिकारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना नगर पालिका स्टाफ और स्थानीय नागरिकों द्वारा की जा रही है।