कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में भानु चंद्रा भी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य अतिथि सहित मंचासीन सभी पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए अभिषेक मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में किसान आज खाद, बीज, बिजली, सिंचाई और फसल के उचित दाम जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं सुन रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के हक और न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।
कार्यक्रम में अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इसके बावजूद उन्हें बार-बार प्रताड़ना और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाएं।
सभा को संबोधित करने वालों में लोकसभा अध्यक्ष परमेश्वर, जिला अध्यक्ष ईश्वर साहू, हेमंत कश्यप, सचिव विनय गुप्ता, राम गोपाल गोरहा और कंचन चौहान सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने बारी-बारी से किसानों की समस्याओं को सामने रखते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
इस जनसभा में जांजगीर जिले के पीड़ित किसान अनिल गढ़वाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंच से अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि किसानों की मांगों को लेकर आवाज उठाने पर उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया। उन्होंने आम आदमी पार्टी द्वारा किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर पार्टी का आभार व्यक्त किया।
पीड़ित किसान की बातों के बाद अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने उन्हें आम आदमी पार्टी की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में लोकसभा सचिव राजेशपुरी गोस्वामी, लोकसभा उपाध्यक्ष टिकेश्वर चंद्रा, जिला उपाध्यक्ष रोहित यादव, भागवत साहू, पामगढ़ विधानसभा प्रभारी ललित बघेल, सक्ती सचिव लेतेल करीहारे सहित बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
जनसभा के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रदेश के किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार जनआंदोलन के रूप में आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ी तो कानूनी स्तर पर भी किसानों को सहयोग प्रदान किया जाएगा।