जमीन विवाद में सिरसी गांव में युवक पर जानलेवा हमला, महिला सहित आधा दर्जन आरोपियों ने पीटा

सिरसी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक के साथ महिला समेत आधा दर्जन लोगों द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक चन्द्रभान कुशवाहा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Feb 23, 2026 - 12:07
 0  4
जमीन विवाद में सिरसी गांव में युवक पर जानलेवा हमला, महिला सहित आधा दर्जन आरोपियों ने पीटा

UNITED NEWS OF ASIA. विकास श्रीवास्तव, सूरजपुर | जिले के सिरसी गांव में जमीन और आपसी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। बसदेई चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सिरसी गांव में महिला समेत आधा दर्जन लोगों ने मिलकर युवक को लाठी, डंडे और कटिले तारों से बुरी तरह पीट दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरसी गांव निवासी चन्द्रभान कुशवाहा अपने खेत और जमीन की स्थिति देखने के लिए गया हुआ था। खेत देखकर वापस लौटते समय आम बगीचा ग्राउंड के पास गांव के ही कुछ लोगों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर चन्द्रभान कुशवाहा पर अचानक हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमला करने वालों में एक महिला भी शामिल थी। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों तथा कटिले तारों से युवक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने उसे जमीन पर गिराकर लगातार वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के अनुसार हमला इतना अचानक और हिंसक था कि चन्द्रभान को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल चन्द्रभान कुशवाहा ने अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि वह अपने खेत और जमीन की ओर जा रहा था, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने बाहर से अपने साथियों को बुलाकर उस पर हमला कर दिया। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और कटिले तारों से मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की कोशिश की।

पीड़ित युवक के अनुसार हमले में उसकी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई है, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें लगी हैं। डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे निगरानी में रखा है। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर इलाज नहीं मिलता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक को रास्ते में रोककर हमला किया। ग्रामीणों के अनुसार जमीन विवाद को लेकर गांव में पहले भी कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई है। बसदेई चौकी पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित का बयान दर्ज किया जा रहा है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया जाएगा।

फिलहाल घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।