पेंड्रा में 13 अक्टूबर को आएंगी मां मन्नत वाली महाकाली, जबलपुर से रवाना हुई भव्य प्रतिमा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मां मन्नत वाली महाकाली की भव्य आगमन यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। जबलपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार मनोज बीपी पटेल द्वारा तैयार मां महाकाली की प्रतिमा पेंड्रा के लिए रवाना हो चुकी है। 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे गौरेला के खेरमाई चौक से यात्रा शुरू होगी और विभिन्न पड़ावों से होते हुए पेंड्रा पहुंचेगी। शोभायात्रा में नटराज धुमाल पार्टी दुर्ग सहित दिल्ली, प्रयागराज और बनारस के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। रात्रि 8 बजे जैन मोहल्ला तिराहे पर गंगा आरती सहित विशेष आयोजन प्रस्तावित हैं।

Oct 11, 2026 - 19:01
 0  10
पेंड्रा में 13 अक्टूबर को आएंगी मां मन्नत वाली महाकाली, जबलपुर से रवाना हुई भव्य प्रतिमा

UNITED NEWS OF ASIA. अवास कैवर्त, मरवाही l जिले में मां मन्नत वाली महाकाली की भव्य आगमन यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जबलपुर में तैयार की गई मां महाकाली की दिव्य प्रतिमा पेंड्रा के लिए रवाना हो चुकी है। आगामी 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को मां मन्नत वाली महाकाली का भव्य आगमन होगा। श्रद्धालु मां को प्रेमपूर्वक पेंड्रा की महारानी के नाम से पुकारते हैं। आयोजकों के अनुसार, जिले के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में इस यात्रा को विशेष रूप से यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

जबलपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार ने तैयार की प्रतिमा

इस वर्ष मां मन्नत वाली महाकाली की भव्य प्रतिमा का निर्माण जबलपुर के गाढ़ाफाटक क्षेत्र के प्रसिद्ध मूर्तिकार मनोज बीपी पटेल ने किया है। प्रतिमा लेने जबलपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों की पहल की वृहत महाकाली महोत्सव समिति के अध्यक्ष शशिकांत गुप्ता, जिन्हें मुन्ना भैया के नाम से जाना जाता है, ने सराहना की।

उन्होंने कहा कि भक्त मां के दरबार में स्वयं नहीं आते, बल्कि मां उन्हें अपने दरबार में बुलाती हैं। छत्तीसगढ़ से इतनी दूर जबलपुर पहुंचकर मां की सेवा के लिए प्रतिमा लेकर जाना श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि जो श्रद्धालु नवरात्रि के दौरान जबलपुर के गाढ़ाफाटक स्थित मां काली के दर्शन नहीं कर पाते, उन्हें अब पेंड्रा में दर्शन का अवसर मिलेगा।

मूर्तिकार मनोज बीपी पटेल ने भी प्रतिमा निर्माण को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य दूर से आकर मां की सेवा में जुटे हैं, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।

गौरेला से शुरू होगी आगमन यात्रा

जगत जननी महाकाली सेवा समिति, कम्पनी गार्डन, स्टेट बैंक के बगल, पेंड्रा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समिति के अनुसार, 13 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे गौरेला के खेरमाई चौक से आगमन यात्रा प्रारंभ होगी। इसके बाद यात्रा विभिन्न मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए पेंड्रा नगर पहुंचेगी। रास्ते में श्रद्धालुओं द्वारा मां का स्वागत किया जाएगा।

शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध नटराज धुमाल पार्टी, दुर्ग प्रस्तुति देगी। वहीं दिल्ली, प्रयागराज और बनारस से आने वाले कलाकार मां महाकाली के नौ दिव्य स्वरूपों की झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन कराएंगे। महाकाल अघोरी तांडव, शिव-पार्वती विवाह, बाहुबली हनुमान की झांकी और गोरिल्ला, भालू तथा भूतों की टोली भी आकर्षण का हिस्सा रहेंगी। इसके अलावा भव्य आतिशबाजी, एलईडी वॉल, फायर शो और मां महाकाली का विशेष फेस रिवील कार्यक्रम प्रस्तावित है।

इन स्थानों से गुजरेगी शोभायात्रा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2 बजे खेरमाई चौक, गौरेला से यात्रा शुरू होगी। दोपहर 3 बजे संजय चौक, गौरेला, शाम 4 बजे न्यू बस स्टैंड, पेंड्रा और शाम 5 बजे टॉकीज रोड, पेंड्रा में यात्रा पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7 बजे बजरंग चौक और रात्रि 8 बजे जैन मोहल्ला तिराहा, पेंड्रा में विशेष आयोजन एवं गंगा आरती प्रस्तावित है।

समिति ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि मां के आगमन को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भक्तों को मां के स्वागत, पूजन-अर्चन और दिव्य दर्शन का अवसर मिलेगा।