भण्डारपुरी धाम में सुशासन तिहार का समापन, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सुनीं जनसमस्याएं और वितरित किए हितग्राही लाभ

भण्डारपुरी धाम में सुशासन तिहार के अंतिम दिवस विशाल जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आमजन की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया।

Jun 11, 2026 - 10:25
 0  3
भण्डारपुरी धाम में सुशासन तिहार का समापन, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सुनीं जनसमस्याएं और वितरित किए हितग्राही लाभ

UNTED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भण्डारपुरी धाम स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में आयोजित विशाल जन समस्या निवारण शिविर के साथ प्रदेश सरकार के सुशासन तिहार 2026 का समापन हुआ। 01 मई से 10 जून तक चले इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना था। अंतिम दिवस आयोजित शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं, मांगें और आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी तथा प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरण, किट, सामग्री और अन्य लाभों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की पहुंच सुनिश्चित करना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में देश सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने विकास, जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी नागरिकों से सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। जनसमस्या निवारण शिविर में नागरिकों ने शासन की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासनिक प्रयासों की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि भण्डारपुरी धाम सतनामी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है और यह बाबा गुरु घासीदास की पावन कर्मस्थली के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व के स्थल पर आयोजित यह शिविर जनसेवा, जनसंपर्क और जनकल्याण की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला साबित हुआ। कार्यक्रम का समापन जनहित, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ किया गया।