छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया, न्यायधानी नाइट्स की लगातार तीसरी जीत

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सातवें मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया। वहीं न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से शिकस्त देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मुकाबले देखने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे।

Oct 26, 2026 - 08:39
 0  2
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया, न्यायधानी नाइट्स की लगातार तीसरी जीत

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के सातवें मुकाबले में प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 5-2 से पराजित किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इन मुकाबलों के साथ लीग में सेमीफाइनल की दौड़ और दिलचस्प हो गई है।

रायपुर के हॉकी स्टेडियम में आयोजित मुकाबलों को देखने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे पहुंचे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। विशेष बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव लगातार तीसरे दिन मैच देखने स्टेडियम पहुंचे।

मैनपाट टाइटन्स और राजधानी रॉयल्स के बीच मुकाबले की शुरुआत धीमी रही। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने अधिकतर समय मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा। हालांकि, क्वार्टर के अंतिम क्षणों में मैनपाट टाइटन्स के मनीष वट्टी ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद राजधानी रॉयल्स के अनिकेत ने रोशन के पास पर गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया।

राजधानी रॉयल्स ने इसके बाद एक और गोल करने का प्रयास किया, लेकिन रोशन के गोल को रेफरी ने अमान्य घोषित कर दिया। मैनपाट टाइटन्स के संदीप ठाकुर ने बेहतरीन पास का फायदा उठाते हुए गोल किया और हाफ टाइम तक अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।

मुकाबले के अगले चरण में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। राजधानी रॉयल्स के रोशन ने ललित के शानदार स्कूप पास को गोल में बदलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। वहीं, मैनपाट टाइटन्स के मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक से शानदार गोल किया। इसके बाद प्रिंस ने भी गोल दागकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। अंततः मैनपाट टाइटन्स ने 5-2 से मुकाबला अपने नाम किया।

राजधानी रॉयल्स की हार का एक प्रमुख कारण पेनल्टी कॉर्नर के अवसरों को गोल में नहीं बदल पाना रहा। इस हार के बाद टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं लगभग समाप्त हो गई हैं। शानदार प्रदर्शन के लिए मैनपाट टाइटन्स के मोहित नायक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा। न्यायधानी नाइट्स ने अब तक खेले गए तीनों मुकाबलों में जीत हासिल की है और अंक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह भी सुनिश्चित कर ली है।

इस मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स के ड्रैग फ्लिकर चिराग ने शानदार हैट्रिक लगाकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बैलाडीला बुल्स की ओर से जसकरण सिंह ने एकमात्र गोल किया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चिराग को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबला होगा। वहीं, चक्रधर चैंपियंस का सामना मैनपाट टाइटन्स से होगा। आगामी मुकाबले सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।