रायपुर में देर रात बर्थडे पार्टी में हंगामा, पुलिस से झूमा-झटकी करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर के गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज साउंड सिस्टम बजाकर हुल्लड़बाजी करने और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की व शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार युवकों और तीन युवतियों सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना सात युवक-युवतियों को भारी पड़ गया। पुलिस की समझाइश के बावजूद दोबारा तेज आवाज में संगीत बजाने और कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार तथा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात लगभग तीन बजे थाना कोतवाली को गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र स्थित एक मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हुल्लड़बाजी किए जाने की शिकायत मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया।
कुछ देर बाद उसी स्थान से फिर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजने की शिकायत मिलने पर पुलिस दोबारा पहुंची। इस दौरान मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिस की बात मानने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ झूमा-झटकी और धक्का-मुक्की की, अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 296, 115(2), 351(2), 121, 121(1), 191 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रताप ताण्डी, हरीश ताण्डी, दीपक दास, विपुल जोशी, हर्षा महानंद, दिव्या सोनी और उपासना सोनी शामिल हैं।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रात्रिकाल में सार्वजनिक शांति भंग करना, तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाना, शराब के नशे में उत्पात मचाना तथा पुलिस या किसी भी शासकीय कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करना गंभीर दंडनीय अपराध है। पुलिस शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।