रायपुर में “बीबी फातिमा ज़हरा (र.अ.) रमज़ान राशन किट” वितरण अभियान शुरू, जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगी मदद

रायपुर में RHS हुसैनी सेना द्वारा 3 रमज़ान के पावन अवसर पर “बीबी फातिमा ज़हरा (र.अ.) रमज़ान राशन किट” वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। जरूरतमंद, बेवा, यतीम और गंभीर रूप से बीमार परिवारों को एक माह का राशन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य शुरू किया गया है।

Feb 25, 2026 - 11:15
 0  13
रायपुर में “बीबी फातिमा ज़हरा (र.अ.) रमज़ान राशन किट” वितरण अभियान शुरू, जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगी मदद

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | रायपुर में 3 रमज़ान के पावन अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के लिए एक सराहनीय सामाजिक पहल की शुरुआत की गई। RHS हुसैनी सेना रायपुर जिला इकाई द्वारा “बीबी फातिमा ज़हरा (र.अ.) रमज़ान राशन किट” वितरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर राशन किटों को फातिहा एवं दुआ के बाद हजरत सैयद शेर अली आगा दरगाह, औलिया चौक मोतीबाग से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए रवाना किया गया। आयोजन के दौरान समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और मानवीय सेवा के संदेश को भी प्रमुखता से रखा गया।

RHS हुसैनी सेना, छत्तीसगढ़ के रायपुर जिला अध्यक्ष मो. आमिर खान, प्रदेश सचिव एहतेशाम हुसैन, रायपुर महानगर कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद खान, रायपुर उत्तर विधानसभा अध्यक्ष मो. अशफाक एवं मो. इसरार ने संयुक्त रूप से बताया कि बीबी फातिमा ज़हरा (र.अ.) के विसाल की याद में यह संकल्प लिया गया है कि रमज़ान के पूरे महीने जरूरतमंद परिवारों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे सम्मान और सुकून के साथ इबादत कर सकें।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पहले एक विशेष सर्वे किया गया है। सर्वे के माध्यम से ऐसे परिवारों की पहचान की गई है, जो नियमित रूप से रोज़ा और नमाज़ के पाबंद हैं तथा जिनके घर में कोई कमाने वाला पुरुष सदस्य नहीं है। इसके साथ ही बेवा महिलाएं, गरीब परिवार, यतीम बच्चे एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों वाले परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया गया है।

प्रदेश संयोजक एजाज कुरैशी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नेहाल खान एवं प्रदेश महामंत्री शेख हफीजुद्दीन हाफिज ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे कम से कम एक जरूरतमंद परिवार की जिम्मेदारी स्वयं लें और उनकी सहायता सुनिश्चित करें, ताकि यह सेवा अभियान व्यापक और प्रभावी रूप ले सके।

आज 3 रमज़ान को राशन किट रवाना किए जाने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष राहिल रऊफी, संरक्षक नईम अशरफी रिजवी, रफीक गोठिया, शेख अमीन, सैयद कय्यूम अली, चांद अहमद, इमाम अहमद, मो. निजाम कुरैशी, साजिद कुरैशी, इरशाद अली, मो. अजहर एवं अरशद हुसैन की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रमज़ान का महीना केवल इबादत का नहीं, बल्कि इंसानियत, करुणा और जरूरतमंदों के साथ खड़े होने का भी संदेश देता है। इस अभियान के माध्यम से उन परिवारों तक राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिनके लिए रोजमर्रा की जरूरतों की पूर्ति भी एक बड़ी चुनौती होती है।

उक्त जानकारी कार्यालय प्रभारी जफर इकबाल एवं प्रदेश महासचिव जाफर अब्बास द्वारा दी गई। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि रमज़ान के पूरे महीने यह वितरण अभियान लगातार जारी रहेगा और अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।