प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खैरागढ़ की ओर से तेज गति में आ रहे मैजिक वाहन ने सबसे पहले पीछे से संतोष वर्मा की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद वाहन असंतुलित हो गया और सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों की मदद की और एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरुण टंडन (24 वर्ष), पिता दयालु टंडन, अपनी माता गीता टंडन (45 वर्ष) के साथ राजनांदगांव से ग्राम पेंड्री खुर्द की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर संतोष वर्मा (50 वर्ष), पिता सुग्रीव वर्मा, अपनी पत्नी राजबाई वर्मा (45 वर्ष) के साथ खैरागढ़ से अपने गांव बोईरडीह लौट रहे थे।
हादसे में संतोष वर्मा के हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी राजबाई वर्मा के सिर और जांघ में गंभीर चोट बताई जा रही है। दूसरी ओर, वरुण टंडन के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है और उनकी माता गीता टंडन के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि दुर्घटना को अंजाम देने वाला मैजिक वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माणाधीन खैरागढ़–राजनांदगांव मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। अधूरा निर्माण, संकरी सड़क और पर्याप्त संकेतक न होने के कारण यह मार्ग पहले से ही जोखिमभरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन सड़क पर गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।