रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़

रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक करोड़ से अधिक नकदी, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच में करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन और ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट करने का खुलासा हुआ है।

May 14, 2026 - 10:59
 0  16
रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, एक नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क केवल ऑनलाइन आईपीएल सट्टे तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से करोड़ों रुपये की ब्लैक मनी को हवाला चैनलों के जरिए व्हाइट करने का संगठित खेल संचालित किया जा रहा था। मामले में गिरफ्तार आरोपियों में करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील कुमार अग्रवाल शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को साइबर सेल, थाना कोतवाली और थाना घरघोड़ा की टीम ने रायगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में मोबाइल फोन और नगदी बरामद हुई थी। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने रायगढ़ के खाईवाल करन चौधरी और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के नाम उजागर किए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि करन चौधरी रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैले नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। सट्टे से प्राप्त रकम को सीधे अपने पास रखने के बजाय विभिन्न कारोबारियों, पेट्रोल पंप और अन्य व्यवसायिक माध्यमों से कैश के रूप में डंप किया जाता था। बाद में यह रकम हवाला नेटवर्क के जरिए आगे ट्रांसफर की जाती थी।

पुलिस को जांच में कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में ब्लैक मनी के हवाला नेटवर्क के संचालन के सबूत मिले। छापेमारी के दौरान सुनील अग्रवाल के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई, जबकि पुष्कर अग्रवाल के पास से 52 लाख 60 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए गए। इलेक्ट्रॉनिक डाटा, यूपीआई लेनदेन और चैट रिकॉर्ड के विश्लेषण से पूरे नेटवर्क के संगठित आर्थिक अपराध में शामिल होने के प्रमाण मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी जांच एजेंसियों से बचने के लिए अपने निजी खातों के बजाय कर्मचारियों और परिचितों के बैंक खातों एवं मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। आर्थिक अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगी।