कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ-सट्टा, अवैध शराब, गांजा तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोडला अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देशन में पांडातराई पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी।
थाना प्रभारी पांडातराई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सक्रिय मुखबिर तंत्र के माध्यम से क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा-पट्टी लिखे जाने की सूचना मिली। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पहले मामले में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत ग्राम रूसे बस स्टैंड के पास ऑनलाइन सट्टा-पट्टी लिखते पाए गए अनिल पिता सरजू चंद्रवंशी, निवासी रूसे, थाना पांडातराई के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। उसके कब्जे से 300 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 18,000 रुपये बताई गई है, जब्त किए गए।
दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत पांडातराई नगर पंचायत के सामने ऑनलाइन सट्टा-पट्टी लिखते पाए गए परमेश्वर पिता दशरू साहू, उम्र 53 वर्ष, निवासी पांडातराई के खिलाफ धारा 6(क) के तहत कार्रवाई की गई। उसके कब्जे से 300 रुपये नगद और 5,000 रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
तीसरे मामले में अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत वार्ड क्रमांक 11 पांडातराई में आरोपी के घर के सामने ऑनलाइन सट्टा-पट्टी लिखते पाए गए अजय पिता छेदीलाल तंबोली, उम्र 50 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11 पांडातराई के खिलाफ धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। उसके कब्जे से 205 रुपये नगद और 5,000 रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार तीनों प्रकरणों में कुल 805 रुपये नगद और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 28,805 रुपये बताई गई है। पांडातराई पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।