पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजा की कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में उपयोग की जा रही बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 75 हजार रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत 5 हजार रुपये) भी जब्त किया गया है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 4 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक बिना नंबर की KTM बाइक में दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 मार्ग पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद संदिग्ध बाइक वहां पहुंची, जिसे रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम पारस लोधी (18 वर्ष), निवासी जबलपुर (मध्यप्रदेश) बताया। उसके साथ एक नाबालिग भी मौजूद था। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के बीच रखे बैग से 7 किलो गांजा बरामद किया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे इस गांजे को ओडिशा से लाकर मध्यप्रदेश के जबलपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही गांजा, बाइक और मोबाइल जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जांच में मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जबकि नाबालिग के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग और विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को विशेष रूप से सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर फोकस कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।