घर में घुसे तेंदुए ने दो लोगों पर किया हमला, झड़प के बाद तेंदुए की मौत
धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक के कर्राघाटी गांव में देर रात एक तेंदुआ घर में घुस गया और दो लोगों पर हमला कर दिया। दोनों घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद तेंदुआ मृत मिला, जिसका वन विभाग ने पोस्टमार्टम कर जांच शुरू कर दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के ग्राम कर्राघाटी में शुक्रवार देर रात एक तेंदुए के घर में घुसने से दहशत फैल गई। घटना में तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल नगरी लाया गया, जहां एक घायल की स्थिति पहले गंभीर बताई गई, लेकिन उपचार के बाद उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रात लगभग दो बजे तेंदुआ गांव में पहुंचा और एक घर में घुस गया। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए और एक घायल व्यक्ति के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ देखकर तेंदुआ घर के भीतर चला गया। बाद में वह मृत अवस्था में मिला।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद वन विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया। विभाग ने तेंदुए की मौत के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
नगरी क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है। यहां अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही होती रहती है। बीते वर्षों में भी वन्यजीवों के हमले में कई लोग घायल हुए हैं और कुछ मामलों में जान भी गंवानी पड़ी है। ऐसे में तेंदुए के घर में घुसकर हमला करने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिहावा विधायक अंबिका मरकाम शनिवार सुबह सिविल अस्पताल नगरी पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।
सिविल अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का उपचार किया गया है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्र में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।