कोरबा में तंत्र-मंत्र के नाम पर ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरी में फार्म हाउस के भीतर हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तांत्रिक द्वारा तंत्र-मंत्र से रुपये दोगुने करने का झांसा देकर तीन लोगों की नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई। मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा। जिले के उरगा थाना अंतर्गत ग्राम कुदरी में फार्म हाउस के भीतर तीन व्यक्तियों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इसे सुनियोजित ट्रिपल मर्डर करार दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। घटनास्थल निरीक्षण, शव पंचनामा, साक्ष्य संकलन और गवाहों से पूछताछ के बाद पूरी साजिश सामने आई।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास ने तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख रुपये को 2.5 करोड़ रुपये करने का लालच देकर मृतक नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू को ग्राम कुदरी स्थित असरफ मेमन के फार्म हाउस में बुलाया था। दिनांक 10 दिसंबर 2025 की रात आरोपी अपने साथ नायलॉन की रस्सी, नींबू, नारियल, अगरबत्ती और अन्य तंत्र-मंत्र सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुंचा।
आरोपी ने तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया का नाटक करते हुए सह-आरोपियों को कमरे के बाहर रस्सी पकड़कर खड़े रहने को कहा और मृतकों को एक-एक कर कमरे के भीतर बुलाया। पहले नितेश रात्रे को कमरे में बैठाकर उसके गले में नायलॉन रस्सी डाली गई और बाहर खड़े सह-आरोपियों ने रस्सी खींचकर उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह क्रमशः असरफ मेमन और सुरेश साहू को भी तंत्र-मंत्र के बहाने कमरे में बुलाकर नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद मृतकों को इलाज के बहाने न्यू कोरबा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में मर्ग कायम किया गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर यह जघन्य हत्या का मामला निकला।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार और करीब 5 लाख रुपये नगद सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा नीतिश ठाकुर ने बताया कि यह अंधविश्वास और लालच का खतरनाक परिणाम है। पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऐसे झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।