गोवरा क्षेत्र की सड़क पर अंधेरा और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, एसईसीएल से मरम्मत की मांग

कोरबा के गोवरा क्षेत्र में सरईसिंगार-भिलाई बाजार-नराईबोध मार्ग पर बंद स्ट्रीट लाइट और जर्जर सड़क को लेकर समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने एसईसीएल प्रबंधन से तत्काल मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा को भी भेजी गई है।

Jul 31, 2026 - 14:13
 0  11
गोवरा क्षेत्र की सड़क पर अंधेरा और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, एसईसीएल से मरम्मत की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. प्रदीप राव, कोरबा l एसईसीएल गोवरा क्षेत्र के अंतर्गत सरईसिंगार से भिलाई बाजार होते हुए नराईबोध तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इस समस्या को लेकर भिलाई बाजार क्षेत्र के समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने एसईसीएल गोवरा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक को आवेदन सौंपकर तत्काल सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि सरईसिंगार-भिलाई बाजार-नराईबोध मार्ग पर लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद हैं। रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

प्रदीप जायसवाल ने मांग की है कि बंद स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाए तथा जहां आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त उच्च क्षमता वाली लाइटें लगाई जाएं, ताकि रात के समय सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने सड़क की जर्जर स्थिति की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया है। आवेदन के अनुसार भिलाई बाजार चौक के पास लगभग 100 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके अलावा भिलाई बाजार बस्ती की ओर जाने वाले करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर भी जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना और अधिक बढ़ जाती है। रात के समय अंधेरा और खराब सड़क की स्थिति मिलकर इस मार्ग को बेहद जोखिमभरा बना देती है।

समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने एसईसीएल गोवरा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक से जनहित को देखते हुए क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने और बंद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यक सुधार कार्य नहीं किए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

इस संबंध में दिए गए आवेदन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर कोरबा को भी भेजी गई है, ताकि प्रशासन भी मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर सके। अब स्थानीय लोगों की निगाहें एसईसीएल प्रबंधन की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर जल्द निर्णय लेकर सड़क और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, जिससे लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।