फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और नौकरी दिलाने के नाम पर 10.98 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

कांकेर पुलिस ने फेसबुक पर दोस्ती कर स्वयं को डॉक्टर बताने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने के नाम पर 10.98 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के बैतूल से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया है।

Aug 1, 2026 - 10:42
Aug 1, 2026 - 10:43
 0  48
फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और नौकरी दिलाने के नाम पर 10.98 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रोहित देहारी, पखांजूर l उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फेसबुक पर दोस्ती कर स्वयं को डॉक्टर बताने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने के नाम पर 10.98 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 18 जुलाई 2026 को थाना छोटेडोंगर, जिला नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2018 में फेसबुक के माध्यम से उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। आरोपी ने स्वयं को डॉक्टर बताकर शादी का झांसा दिया और विश्वास में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 10.98 लाख रुपये अपने खाते में जमा करा लिए।

पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 133/2026 में भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2), 417 एवं 420 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में पखांजूर पुलिस और साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ट्रेस की। टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रीतेश्वर भूमरकर (45 वर्ष), पिता महादेव भूमरकर, निवासी चन्द्रशेखर वार्ड, थाना कोतवाली (कोठी बाजार), जिला बैतूल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी पखांजूर तेज कुमार वर्मा, साइबर प्रभारी यशवंत श्याम, उपनिरीक्षक बिन्दुलता देवांगन, वेदन सलामे, पुरुषोत्तम ठाकुर, प्रधान आरक्षक लिहेन्द्र देवांगन, रिजवान खान तथा साइबर सेल कांकेर के आरक्षक प्रणय यादव और शैलेन्द्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।