कांटाबहरा की कपूरा मरकाम को स्वास्थ्य विभाग ने बेहतर उपचार हेतु रायपुर कैंसर वार्ड में कराया भर्ती

थायराइड कैंसर से पीड़ित ग्राम कांटाबहरा (नगवाही) निवासी कपूरा मरकाम को स्वास्थ्य विभाग ने 108 एम्बुलेंस से रायपुर स्थित मेकाहारा कैंसर वार्ड में भर्ती कराया। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ने विशेषज्ञ उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Nov 13, 2025 - 14:36
 0  22
कांटाबहरा की कपूरा मरकाम को स्वास्थ्य विभाग ने बेहतर उपचार हेतु रायपुर कैंसर वार्ड में कराया भर्ती

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | कबीरधाम जिले के ग्राम कांटाबहरा (नगवाही) की कपूरा मरकाम, जो थायराइड कैंसर से पीड़ित हैं, को स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल के कैंसर वार्ड में भर्ती कराया गया है।

समलु मरकाम द्वारा अपनी पत्नी के उपचार में सहयोग की आवश्यकता की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दिए जाने के बाद, विभाग की टीम तत्काल पीड़िता के घर पहुंची और उन्हें 108 एम्बुलेंस के माध्यम से रायपुर कैंसर रिसर्च यूनिट भेजा गया। यहां उन्हें कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती किया गया है।

उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को निर्देशित किया कि पीड़िता को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में श्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वहीं स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने भी विभागीय अधिकारियों को हर संभव सहयोग देने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र तुरे ने बताया कि पूर्व में भी पीड़िता का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेगांखार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोड़ला, तथा एम्स रायपुर, मेकाहारा, डीकेएस अस्पताल और टाटा मेमोरियल मुंबई में कराया गया था।

वर्तमान में स्थिति गंभीर होने पर उन्हें पुनः विशेषज्ञ उपचार हेतु रायपुर रेफर किया गया है। डॉ. तुरे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मरीज के परिजनों के संपर्क में है और हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।