जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में सक्ती के मजदूर की मौत, गांव में शोक की लहर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी मजदूर दीपक रात्रे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Aug 1, 2026 - 10:34
 0  23
जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में सक्ती के मजदूर की मौत, गांव में शोक की लहर

UNITED NEWS OF ASIA. जीके कुर्रे, सक्ती l जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में आतंकियों द्वारा की गई फायरिंग में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार दीपक रात्रे रोजगार के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान कुलगाम जिले के केलम इलाके में आतंकियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें उनकी जान चली गई। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

दीपक रात्रे अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में मां, दिव्यांग भाई, पत्नी और दो वर्षीय मासूम बच्चा है। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव बुंदेली में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे और उनकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से घटना से जुड़ी आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक का पार्थिव शरीर सक्ती लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।