गणेश उत्सव की धार्मिक गरिमा बनाए रखने हिन्दू युवा मंच ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग में हिन्दू युवा मंच ने आगामी गणेश उत्सव को पारंपरिक और शास्त्रसम्मत स्वरूप में मनाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने AI, कार्टून और फिल्मी स्वरूप वाली गणेश प्रतिमाओं पर रोक लगाने सहित चार प्रमुख मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

Aug 4, 2026 - 15:20
 0  2
गणेश उत्सव की धार्मिक गरिमा बनाए रखने हिन्दू युवा मंच ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l आगामी गणेश उत्सव को धार्मिक परंपराओं और शास्त्रसम्मत स्वरूप के अनुसार मनाने की मांग को लेकर हिन्दू युवा मंच दुर्ग ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन से जिले में भगवान गणेश की पारंपरिक एवं शास्त्रसम्मत प्रतिमाओं के निर्माण, विक्रय और स्थापना को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

हिन्दू युवा मंच ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में कुछ स्थानों पर भगवान गणेश की AI निर्मित, कार्टून, फिल्मी किरदारों जैसी तथा अन्य विकृत स्वरूप वाली प्रतिमाओं का निर्माण और स्थापना देखने को मिल रही है। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की प्रतिमाओं से सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं। इसलिए प्रशासन को ऐसे स्वरूपों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

संगठन ने मांग की कि जिले के सभी मूर्तिकारों और गणेश उत्सव समितियों को केवल पारंपरिक एवं धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप प्रतिमाओं के निर्माण और स्थापना के निर्देश दिए जाएं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों, मूर्तिकारों या समितियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई। हिन्दू युवा मंच ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन शास्त्रसम्मत शुभ मुहूर्त में और यथासंभव दिन के समय किया जाना चाहिए। इसके अलावा गणेश उत्सव के दौरान स्वागत और विसर्जन कार्यक्रमों में केवल भक्ति, धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीतों के प्रसारण की अनुमति देने तथा अश्लील, अभद्र और अनुचित गीतों पर रोक लगाने की मांग रखी गई।

यह कार्यक्रम हिन्दू युवा मंच के प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू, महामंत्री राजेश शर्मा एवं अध्यक्ष कुमार नायर के निर्देशानुसार कार्यक्रम प्रभारी राजा देवांगन के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अजय ठाकुर, वीरेंद्र सिंह राजपूत, अमित पुरोहित, अमित सिंह, अमिताभ वर्मा, आलोक खापर्डे, आशुतोष तिवारी, अंश सोनी, इशांत डहरवाल, अरुण अग्रवाल, अंकित दुबे, अर्पित बरनवाल, आयुष देशमुख, कमल रणदीवे, कृष्णा चौहान, गजेंद्र साहू, गोपाल यादव, जय देवांगन, जय राजपूत, दीपक चंद्राकर, दीपक राजपूत, दिनेश मिश्रा, दुर्गेश लोधी, धर्मेंद्र वर्मा सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दू युवा मंच के संपर्क प्रमुख प्रिंस तिवारी ने बताया कि संगठन की ओर से धार्मिक परंपराओं और गणेश उत्सव की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन को यह ज्ञापन सौंपा गया है। संगठन ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।