बालको अस्पताल का पल्स पोलियो अभियान सफल, 800 से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

बालको अस्पताल ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 800 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। अभियान के दौरान 12 से अधिक स्थानों पर टीकाकरण शिविर लगाए गए और दो दिनों तक 2,357 घरों में जाकर डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य टीम ने अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के प्रति भी जागरूक किया।

Jun 30, 2026 - 19:54
 0  2
बालको अस्पताल का पल्स पोलियो अभियान सफल, 800 से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, बालकोनगर। वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए 800 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा।

अभियान की शुरुआत बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में बालको अस्पताल से की गई। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।

टीकाकरण अभियान के अंतर्गत बालको अस्पताल सहित 12 से अधिक प्रमुख स्थानों पर अस्थायी शिविर लगाए गए। इनमें भदरापारा, कैलाश नगर, परसाभाठा, चेकपोस्ट, सतनाम नगर, दैहानपारा, बालको बस स्टैंड, बेलगिरी बस्ती, सेक्टर-3 दुर्गापूजा पंडाल तथा सेक्टर-4 गैस एजेंसी प्रमुख रहे। इसके अलावा मोबाइल स्वास्थ्य वैन के माध्यम से भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

अभियान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा दो दिनों तक चलाया गया डोर-टू-डोर सर्वे रहा। स्वास्थ्य टीम ने कुल 2,357 घरों तक पहुंचकर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी बच्चा पोलियो टीकाकरण से वंचित न रह जाए। बस स्टैंड और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष शिविर लगाकर यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाई गई।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के महत्व और समय पर टीकाकरण की आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

राजेश कुमार सिंह ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से समाज की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों को दवा पिलाना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने बताया कि बालको भविष्य में भी निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देते हुए समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

सेक्टर-3 निवासी सोमनाथ पटेल ने बताया कि उनकी दो वर्षीय बेटी को बालको अस्पताल में पोलियो की खुराक पिलाई गई और स्वास्थ्य टीम उनके घर भी पहुंची। उन्होंने पोलियो मुक्त भारत के अभियान को सफल बनाने के लिए अस्पताल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

125 बिस्तरों वाला बालको अस्पताल कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल सरकार के राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।