मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से सूरजपुर को मिले 5 नए आंगनबाड़ी केंद्र, पोषण और बाल विकास सेवाओं का होगा विस्तार

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से सूरजपुर जिले में 5 नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति मिली है। ओड़गी और भैयाथान परियोजना क्षेत्रों में संचालित होने वाले इन केंद्रों से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Aug 4, 2026 - 15:29
 0  3
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से सूरजपुर को मिले 5 नए आंगनबाड़ी केंद्र, पोषण और बाल विकास सेवाओं का होगा विस्तार

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर, 04 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिला एवं बाल विकास सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से सूरजपुर जिले को 5 नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति मिली है। इन केंद्रों के शुरू होने से जिले के दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों में बच्चों एवं महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और पूर्व प्राथमिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और राज्य शासन की स्वीकृति के आधार पर नए आंगनबाड़ी केंद्रों के युक्तियुक्तकरण एवं संचालन की अनुमति प्रदान की गई है। विभाग का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना है।

स्वीकृत किए गए नए आंगनबाड़ी केंद्र सूरजपुर जिले की ओड़गी और भैयाथान परियोजना के अंतर्गत संचालित होंगे। इनमें डगमलापारा (चेंद्रा सेक्टर), भूंडा (मोहरसोप सेक्टर), झाडूडीह (चेंद्रा सेक्टर), पण्डोपारा (चेंद्रा सेक्टर) और बगईहापारा (दर्रीपारा सेक्टर) शामिल हैं।

इन केंद्रों की स्वीकृति संबंधित क्षेत्रों की जनसंख्या, भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दी गई है। विभाग के अनुसार कुछ पुराने संचालित केंद्रों का युक्तियुक्तकरण कर उन्हें अधिक आवश्यकता वाले क्षेत्रों में स्थापित किया जाएगा, जिससे सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी हो सके।

संचालनालय ने जिला प्रशासन और संबंधित परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी नवस्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 60 दिनों के भीतर प्रारंभ किया जाए। साथ ही पोषण ट्रैकर और आईसीडीएस पोर्टल पर आवश्यक जानकारी अपडेट करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की व्यवस्था करने तथा केंद्रों के लिए भवन और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति से सूरजपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों और माताओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

विभागीय जानकारी के अनुसार इन 5 नए केंद्रों की स्वीकृति के बाद सूरजपुर जिले में कुल आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या बढ़कर 2086 हो जाएगी। यह निर्णय राज्य सरकार की मातृ-शिशु कल्याण, ग्रामीण विकास और मूलभूत सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।