विकसित गांव से विकसित भारत का संदेश देती जिला पंचायत कबीरधाम की झांकी
77वें गणतंत्र दिवस पर जिला पंचायत कबीरधाम की झांकी ने विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के माध्यम से विकसित गांव से विकसित भारत की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत की। झांकी में रोजगार, समय पर मजदूरी भुगतान, आजीविका, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास की प्रभावी प्रस्तुति दी गई, जिसे तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिला पंचायत कबीरधाम की झांकी ने विकसित गांव से विकसित भारत की प्रेरक तस्वीर प्रस्तुत की। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप राउत नाचा पार्टी की रंगारंग प्रस्तुति के माध्यम से “विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” की प्रमुख विशेषताओं को हजारों दर्शकों तक प्रभावी रूप से पहुँचाया गया।
झांकी के माध्यम से जिले के ग्रामीणों को मिलने वाले 125 दिनों के रोजगार, समय पर मजदूरी भुगतान, आजीविका सृजन, जल संरक्षण, कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। राउत नाचा दल द्वारा नृत्य, गीत और वाद्य यंत्रों के माध्यम से योजनाओं का संदेश प्रस्तुत किया गया, वहीं महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने तख्तियों के माध्यम से योजना की विशेषताओं को सरल और आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया।
प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम विनय कुमार पोयाम ने बताया कि जिला पंचायत की झांकी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को विकसित कर भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत गारंटी योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार, आजीविका के स्थायी साधन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का रोडमैप तैयार किया गया है।
झांकी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका को भी प्रमुखता से दर्शाया गया। आजीविका गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं “लखपति दीदी” बनने की ओर अग्रसर हो रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण की मजबूत मिसाल है। इसके साथ ही पक्का आवास, पशु शेड, मुर्गी पालन शेड, आजीविका डबरी समूह एवं जल संरक्षण कार्यों को भी झांकी में प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
योजनाओं के अभिसरण से ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे समग्र विकास को मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम से दिखाया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए जिला पंचायत कबीरधाम की झांकी को प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।