जिला पंचायत कबीरधाम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

जिला पंचायत कबीरधाम में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने तिरंगा फहराकर सभी को शुभकामनाएं दीं और संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

Jan 28, 2026 - 13:46
 0  5
जिला पंचायत कबीरधाम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिला पंचायत कबीरधाम में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष  ईश्वरी साहू ने जिला पंचायत प्रांगण में तिरंगा ध्वज फहराया और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने संविधान के मूल्यों का स्मरण कराते हुए सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा राष्ट्र को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम  विनय कुमार पोयाम, जिला पंचायत सदस्य  रामकुमार भट्ट,  वीरेंद्र साहू,  पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि  मनीराम साहू,विजय पटेल,  लोकचंद साहू सहित जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। सभी ने आपस में एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।

जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का लोकतंत्र पूरे विश्व के लिए एक आदर्श है, जहां विभिन्न धर्म, जाति और संप्रदाय के लोग एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान अवसर प्रदान किए हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की चर्चा करते हुए उन्होंने “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” की महत्ता पर प्रकाश डाला और ग्रामीणों को इससे जुड़ने का आह्वान किया।

प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी  विनय कुमार पोयाम ने कहा कि शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही गणतंत्र की सच्ची भावना है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करें, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।

जिला पंचायत सदस्य  रामकुमार भट्ट ने संविधान को विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान बताते हुए कहा कि यह हम सभी को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने ग्रामीण भारत के समग्र विकास में शासन की योजनाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य  वीरेंद्र साहू ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर जिला पंचायत स्टाफ  लता श्रीवास ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपसंचालक पंचायत  राज तिवारी, लेखाधिकारी  भानु प्रताप नेताम सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।