धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में 92 किलो गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

धमतरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 92.770 किलोग्राम गांजा जब्त किया और तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 25.30 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

May 6, 2026 - 16:38
 0  16
धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में 92 किलो गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 92.770 किलोग्राम गांजा जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को करारा झटका दिया गया है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर अंतर्राज्यीय तस्करी पर अंकुश लगाने की रणनीति अपनाई गई है। बोरई, कुन्दई (ओडिशा) और विश्रामपुरी (कोंडागांव) के ट्राई-जंक्शन पर चेक पोस्ट स्थापित कर वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 5 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मैनपुर की ओर से एक सफेद रंग की महिंद्रा TUV 300 वाहन में गांजा लेकर तस्कर धमतरी की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सांकरा चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहन (MH 30 AZ 4746) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की में छिपाकर रखे गए 44 पैकेट गांजा बरामद हुए।

जब्त गांजे का कुल वजन 37.800 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 18.90 लाख रुपये है। इसके अलावा वाहन (कीमत लगभग 6 लाख रुपये) और चार मोबाइल फोन (लगभग 40 हजार रुपये) भी जब्त किए गए। इस तरह कुल 25.30 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के भवानीपटना से खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में अजय नंदू जाधव (27 वर्ष), मनोहर बालाजी कांबले (35 वर्ष) और अंतावन राजू पगारे (19 वर्ष) शामिल हैं, जो महाराष्ट्र के निवासी हैं।

तीनों आरोपियों के खिलाफ सिहावा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले ही सांकरा चेक पोस्ट पर 54.970 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 27 लाख रुपये) जब्त किया गया था। इसके साथ ही वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल 33.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।

धमतरी पुलिस की लगातार कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं चेकिंग का निरीक्षण और अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देशों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से न केवल तस्करों में हड़कंप मचा है, बल्कि यह भी संदेश गया है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा, जिससे समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।