रेलवे आधुनिकीकरण पर सांसद बृजमोहन ने रखीं अहम मांगें, रायपुर-धमतरी रेल लाइन को विशाखापट्टनम तक बढ़ाने का प्रस्ताव

नई दिल्ली में एस्टीमेट कमेटी की बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने रायपुर-धमतरी रेल लाइन को जगदलपुर होते हुए विशाखापट्टनम तक विस्तारित करने, नई वंदे भारत ट्रेनों के संचालन और रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को शीघ्र शुरू करने की मांग की।

Jun 22, 2026 - 17:51
 0  2
रेलवे आधुनिकीकरण पर सांसद बृजमोहन ने रखीं अहम मांगें, रायपुर-धमतरी रेल लाइन को विशाखापट्टनम तक बढ़ाने का प्रस्ताव

UNITED NEWS OF ASIA. नई दिल्ली l नई दिल्ली में आयोजित एस्टीमेट कमेटी की बैठक में रेलवे आधुनिकीकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा के दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के विकास और रेल संपर्क को मजबूत बनाने से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। बैठक में रेल मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा रेलवे के आधुनिकीकरण की योजनाओं की प्रस्तुति दी गई, जिसके बाद सांसद ने प्रदेश की जरूरतों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में बृजमोहन अग्रवाल ने लंबे समय से लंबित रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उनका मानना है कि इस रेल लाइन के शुरू होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

रेल संपर्क विस्तार के मुद्दे पर सांसद ने रायपुर-धमतरी रेल लाइन को कांकेर, कोंडागांव और जगदलपुर से जोड़ते हुए विशाखापट्टनम तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क को मजबूत करेगी तथा पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देगी। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सात राज्यों से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी पड़ोसी राज्यों के साथ रेल संपर्क का विस्तार आवश्यक है।

यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सांसद ने दुर्ग-पुरी और रायपुर-अंबिकापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं शुरू करने की मांग रखी। साथ ही बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने का सुझाव दिया ताकि यात्रियों को अधिक सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में उन्होंने रायपुर स्थित वैगन रिपेयरिंग वर्कशॉप के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों से लैस वर्कशॉप रेलवे के रखरखाव और संचालन क्षमता को और मजबूत बनाएगी।

सांसद ने रेलवे भूमि पर वर्षों से निवास कर रहे जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जाएं और इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ मानवीय दृष्टिकोण भी अपनाया जाना आवश्यक है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आधुनिक तकनीकों के साथ पूरा करने पर भी उन्होंने जोर दिया। इसके अलावा नई रेल लाइनों के निर्माण के दौरान केवल माल परिवहन ही नहीं बल्कि यात्री परिवहन को भी समान प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने तिल्दा, भाटापारा सहित उन प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल करने की मांग की, जहां कोरोना काल से पहले ट्रेनें रुकती थीं। इसके साथ ही रायपुर शहर के विस्तार को ध्यान में रखते हुए रेलवे भूमि से सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार को आवश्यक अनुमति देने का सुझाव भी दिया। उनका कहना था कि इससे डब्ल्यूआरएस और आरवीएच कॉलोनी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम हो सकेगी।

बैठक में उठाए गए इन प्रस्तावों को छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना, यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।