यह भेंट मुलाकात दुर्ग में आयोजित की गई, जहां आत्मीय वातावरण में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने नवीन दायित्व के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी ब्लॉक अध्यक्षगण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन से पदाधिकारियों का मुंह मीठा कराते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की असली ताकत है।
भूपेश बघेल ने कहा कि दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस की नई टीम से उन्हें काफी अपेक्षाएं हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि यह टीम पूरी निष्ठा, समर्पण और जुझारूपन के साथ जनता की आवाज को बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाए और आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष किया जाए। भूपेश बघेल ने संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क अभियानों को गति देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और जनहितैषी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना ही संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आगामी होली पर्व की भी शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सभी पदाधिकारियों को सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया जाएगा।
राकेश ठाकुर ने कहा कि दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस की नई टीम गांव-गांव और बूथ-बूथ तक संगठन को मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए जिला कांग्रेस कमेटी सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में हुए जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाना और वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना जिला कांग्रेस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान विक्रांत अग्रवाल, विशाल देशमुख, महेंद्र वर्मा, उर्वशी वर्मा, जयश्री वर्मा, तरूण बिजौर, प्रमोद राजपूत, राजेंश्वर सोनकर, रोहित कुर्रे, शमशीर कुर्रेशी, संतलाल बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।