यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आएगी। नहर के विस्तार से लगभग 770 हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। इस परियोजना से बाघुटोला, लाटा, खिरसाली, बद्दो, रघ्घुपारा और छपरी सहित कुल छह गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी समाधान उपलब्ध कराना है, जिससे किसानों का जीवन स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने बताया कि नहर के माध्यम से खेतों तक पानी की पहुंच आसान होगी, जिससे खेती में सुधार आएगा और किसान एक से अधिक फसल लेने में सक्षम होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को सरकार विशेष प्राथमिकता दे रही है। इस तरह की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताते हुए किसानों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जब विकास कार्यों में जनता की भागीदारी होती है, तो उनका लाभ लंबे समय तक और प्रभावी रूप से मिलता है।
इस योजना के तहत नहरों के सर्विस बैंक का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, सिंचाई सुविधा मिलने से असिंचित क्षेत्रों में भी खेती संभव होगी और भूमि की उत्पादकता में वृद्धि होगी।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने जिले में चल रहे अन्य विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह नहर परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए दीर्घकालीन लाभ प्रदान करेगी और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।