खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम मूरा में दो आरोपी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार
रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मूरा में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 52 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की गई है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देशन में की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देशन में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब बिक्री पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना खरोरा पुलिस ने ग्राम मूरा में छापा मारते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से कुल 52 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की गई। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई।
खरोरा थाना पुलिस को 8 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मूरा में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने दानीराम कोसले (43 वर्ष) को रंगे हाथों शराब बेचते हुए पकड़ा। उसके पास से 35 पौवा शेरा मसाला शराब (6.300 बल्क लीटर), कीमत लगभग ₹3500, तथा बिक्री की रकम ₹240 बरामद हुई। पुलिस ने शराब और रकम को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
इसी गांव से संजय वर्मा (42 वर्ष) को भी अवैध शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 17 पौवा देशी मसाला शराब (3.060 बल्क लीटर), कीमत ₹1700 तथा बिक्री रकम ₹120 जब्त की गई। पूछताछ में दोनों आरोपी किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 34(1)(ब) के तहत कार्रवाई की।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम मूरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध शराब विक्रेताओं की सूचना पुलिस को तत्काल दें, ताकि समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाया जा सके।