6 माह से फरार आरोपी वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी ग्वालियर से गिरफ्तार, करोड़ों की अवैध वसूली और संपत्ति का खुलासा
रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब छह माह से फरार आरोपी वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थानों में मारपीट, आर्म्स एक्ट और करोड़ों की अवैध वसूली के कई मामले दर्ज हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, रायपुर। रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। लगभग छह माह से फरार चल रहा चर्चित आरोपी वीरेन्द्र सिंह तोमर उर्फ रूबी को पुलिस ने ग्वालियर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा और पुरानी बस्ती में मारपीट, अवैध संपत्ति, आर्म्स एक्ट तथा करोड़ों रुपये की अवैध वसूली के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी वीरेन्द्र सिंह तोमर और उसके भाई रोहित सिंह तोमर के खिलाफ क्रमशः अपराध क्रमांक 332/2025 (थाना तेलीबांधा) धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बी.एन.एस., अपराध क्रमांक 229/25 (थाना पुरानी बस्ती) धारा 25 आर्म्स एक्ट, और अपराध क्रमांक 230/25 धारा 308(2), 111(1) भा.न्या.स. सहित छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ‘विस्टों फाइनेंस’ नाम से ग्रुप बनाकर लोगों से करोड़ों रुपये की अवैध वसूली की थी। पुलिस को आरोपी के ठिकानों से करोड़ों रुपये के लेन-देन और हिसाब-किताब से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इससे पहले तलाशी के दौरान आरोपी के घर से अवैध हथियार भी बरामद किए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने आरोपी को ट्रेस करने के लिए राजस्थान, हरियाणा और ग्वालियर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। आरोपी लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था और किसी भी डिजिटल डिवाइस का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। टीम ने रणनीतिक तरीके से आरोपी को ग्वालियर में लोकेट कर गिरफ्तार किया।
आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर द्वारा घोषित नगद इनाम भी रखा गया था। पुलिस अब उसकी संपत्ति को चिन्हांकित कर कुर्की कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। वहीं फरार चल रहे आरोपी रोहित तोमर की तलाश भी जारी है।
गिरफ्तारी अभियान में निरीक्षक शील आदित्य सिंह (थाना प्रभारी पुरानी बस्ती), निरीक्षक परेश कुमार पांडे (एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी) सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी संभव है।