रायगढ़ में करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार, पुलिस जांच में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की करोड़ों रुपये की संपत्ति और व्यवसायिक रकम हड़पने के कथित षड्यंत्र का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में पत्नी, साले और ससुर पर चोरी, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। मामले में पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस जांच के बाद व्यवसायी की पत्नी, साले और ससुर के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी तथा आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार घरघोड़ा निवासी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया से संबंधित व्यवसाय संचालित करता है। वर्ष 2008 में उसका विवाह सीमा यादव से हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि व्यवसाय में आर्थिक प्रगति के बाद उसके ससुर भरतलाल यादव और साला कृष्ण कुमार यादव का घर में आना-जाना बढ़ गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने व्यवसाय से प्राप्त राशि सुरक्षित रखने के लिए नियमित रूप से अपनी पत्नी को सौंपता था। वर्ष 2014 में उसे संदेह हुआ कि व्यवसाय से अर्जित धनराशि के अनुपात में घर में रकम उपलब्ध नहीं है। इसके बाद उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। कथित रूप से फुटेज की जांच में यह सामने आया कि उसकी पत्नी आलमारी से पैसे निकालकर अपने भाई को दे रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने कृष्ण कुमार यादव के बैंक खातों की भी पड़ताल की। जांच में करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन सामने आए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति के पास आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं था, जिससे संदेह और गहरा हो गया।
मामले में एक अन्य गंभीर आरोप तमनार क्षेत्र की भूमि खरीद से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक वर्ष 2022 में वह ऐसी भूमि खरीदना चाहता था, जिसके भविष्य में अधिग्रहण होने और मुआवजा मिलने की संभावना थी। आरोप है कि इसी जानकारी का लाभ उठाकर पत्नी, साले और ससुर ने मिलकर लगभग 13.50 लाख रुपये की भूमि उसकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत करवा ली। साथ ही अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने के उद्देश्य से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है।
एसडीओपी धरमजयगढ़ द्वारा की गई विस्तृत जांच में आरोपों की पड़ताल की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में मामले से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।