ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 1.86 करोड़ की संपत्ति जब्त
रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 300 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही इस खेप के साथ दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कार्रवाई में कुल 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई है।
UNITED NEWS OF ASIA . महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है, जिसमें गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा दो वाहनों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी की।
कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच के दौरान इनोवा वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन में ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को भी जब्त किया। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं, भी बरामद किए गए हैं। कुल मिलाकर इस कार्रवाई में लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा की यह खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। इसके आधार पर पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। मामले में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले का नेटवर्क उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश तक फैला हो सकता है। तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और पूर्व में कितनी बार इस तरह की तस्करी की जा चुकी है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अंतर्राज्यीय तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।