भाटापारा में बड़ा औद्योगिक हादसा: स्टील प्लांट में कोल कीलन ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौत, कई घायल

भाटापारा के ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह डीएससी कोल कीलन में हुए जोरदार ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।भाटापारा के ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह डीएससी कोल कीलन में हुए जोरदार ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Jan 22, 2026 - 15:21
 0  4
भाटापारा में बड़ा औद्योगिक हादसा: स्टील प्लांट में कोल कीलन ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौत, कई घायल

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह,रायपुर | भाटापारा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में डीएससी कोल कीलन में अचानक हुए जोरदार ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर झुलसकर घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह लगभग 9:30 से 9:40 बजे के बीच हुआ। उस समय स्टील प्लांट के डीएससी कोल कीलन प्लेटफॉर्म पर श्रमिक नियमित सफाई कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक कोल कीलन में तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास मौजूद मजदूर गर्म कोयले और तेज तापमान की चपेट में आ गए। विस्फोट इतना भीषण था कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और 6 श्रमिकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में कुछ अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कुछ को सामान्य चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल और भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस, एंबुलेंस सेवा और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया और पूरे प्लांट क्षेत्र को सुरक्षित किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भाटापारा मरचुरी भेजा गया है।

पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कोल कीलन में हुए ब्लास्ट के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

हादसे के बाद से स्टील प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बना हुआ है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और श्रम विभाग से भी मामले में कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।