बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ के गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1941.110 किलोग्राम गांजा और एक ट्रक जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 10.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, बलरामपुर l बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस एवं जिले में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1941.110 किलोग्राम अवैध गांजा और एक ट्रक जब्त किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये तथा जब्त ट्रक की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती का मूल्य लगभग 10.5 करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश शर्मा (46 वर्ष) निवासी जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश और आशिष अंसारी (23 वर्ष) निवासी जिला मुजफ्फरपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर पता चला था कि पूर्व में दर्ज गांजा तस्करी के मामले का मुख्य आरोपी क्षेत्र में सक्रिय है। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और देर रात एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखे गए 62 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 1941.110 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया कि जब्त ट्रक ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर थाना बसंतपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लोकेश शर्मा पूर्व में दर्ज एक अन्य बड़े गांजा तस्करी प्रकरण में भी नामजद आरोपी है। वर्ष 2025 में बसंतपुर पुलिस ने एक ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जिसमें लोकेश शर्मा मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। पुलिस के अनुसार वह ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश तक गांजा तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में की गई। बसंतपुर थाना और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर इस बड़ी तस्करी का खुलासा किया।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को जिले में अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ जब्ती में से एक माना जा रहा है।