बालोद पुलिस ने अंतर्राज्यीय डीजल चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार

बालोद पुलिस ने अंतर्राज्यीय डीजल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ट्रक और बसों से डीजल चोरी कर भिलाई में बेचता था। पुलिस ने 6 वाहन, 490 लीटर डीजल, 37 गैलन, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है।

Jun 19, 2026 - 10:50
 0  2
बालोद पुलिस ने अंतर्राज्यीय डीजल चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले में लगातार सामने आ रही डीजल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई वाहन, नकदी, मोबाइल फोन, प्लास्टिक गैलन और बड़ी मात्रा में चोरी का डीजल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार मामले में पहले दो आरोपियों शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी और देवेन्द्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से स्विफ्ट डिजायर कार, सुमो गोल्ड, स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन और 490 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ था। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के मार्गदर्शन में थाना बालोद और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रायपुर के उरला क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गिरोह के 9 अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे 3 जून से 7 जून तथा 10 और 11 जून 2026 के बीच लाटाबोड़, नेवारीखुर्द, जगतरा, अर्जुन्दा और कुम्हारी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक और बसों की डीजल टंकियों का ताला तोड़कर चोरी करते थे। चोरी किए गए डीजल को प्लास्टिक गैलनों में भरकर वाहनों के जरिए ले जाया जाता था।

आरोपियों ने बताया कि चोरी का डीजल भिलाई निवासी गणेश साव को बेचा जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि डीजल चोरी के लिए आवश्यक गैलन और पाइप की व्यवस्था भी गणेश साव द्वारा की जाती थी। गिरोह वारदातों को अंजाम देने के लिए स्विफ्ट डिजायर और स्कॉर्पियो वाहनों का उपयोग करता था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो मध्यप्रदेश पासिंग स्कॉर्पियो वाहन, एक टैंकर वाहन, 37 प्लास्टिक गैलन, तीन मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि टैंकर वाहन के माध्यम से चोरी के डीजल का परिवहन और खरीद-बिक्री की जाती थी।

गिरफ्तार आरोपियों में सोनू वाल्मिकी, गणेश साव, अरुण फुलेरिया, तुषार माली, राहुल चंदेल, राकेश चंदेल, होकम सिंह मालवी, वीरेन्द्र सिंह और धरमराज फुलेरिया शामिल हैं। इससे पहले गिरफ्तार किए गए शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी और देवेन्द्र विश्वकर्मा को भी न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जा चुका है।

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा और साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। इस कार्रवाई में थाना बालोद और साइबर सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले में सक्रिय डीजल चोरी के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।