रायपुर में महाराजा अग्रसेन पर विवादित टिप्पणी से मचा बवाल, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना अध्यक्ष अमित बघेल पर FIR दर्ज
रायपुर में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल समाज ने महाराजा अग्रसेन और अन्य महान विभूतियों पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। कोतवाली पुलिस ने धारा 299 बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। राजधानी रायपुर में महाराजा अग्रसेन पर विवादित टिप्पणी के बाद अग्रवाल समाज में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल सभा रायपुर ने धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि अमित बघेल ने एक वीडियो बयान में महाराजा अग्रसेन, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और सिंधी समाज के आराध्य देवता झूलेलाल के प्रति अशोभनीय एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया। इस बयान से समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर को विजय अग्रवाल जब सदर बाजार स्थित पार्षद मुरली शर्मा के घर पर थे, तभी उन्होंने सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर यह विवादित वीडियो देखा। आरोप है कि वीडियो में अमित बघेल ने महाराजा अग्रसेन को ‘चोरहा’ और ‘लबरा’ जैसे अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया।
विजय अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन समाजवाद, समानता और समरसता के प्रतीक हैं। भारत सरकार ने उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया है, वहीं छत्तीसगढ़ सरकार राज्योत्सव के अवसर पर “महाराजा अग्रसेन पुरस्कार” भी प्रदान करती है। ऐसे में उनके प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणी पूरे समाज का अपमान है।
अग्रवाल सभा रायपुर के पदाधिकारियों ने कोतवाली थाने पहुंचकर अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाजजनों ने कहा कि इस तरह के बयान सामाजिक सौहार्द को तोड़ने वाले हैं और प्रदेश की शांति व्यवस्था पर विपरीत असर डाल सकते हैं।
कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 299 बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बयान का वीडियो साक्ष्य के रूप में जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अग्रवाल समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं, पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए साइबर यूनिट की मदद से वीडियो स्रोत की जांच शुरू कर दी है।
(रिपोर्ट: एमसीबी न्यूज़ रायपुर)