जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाई नवाचार की चमक, बेलबहरा विद्यालय बना प्रतिभाओं का केंद्र

बेलबहरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला, विज्ञान नाटिका एवं साइंस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में छात्रों ने अपने नवाचार मॉडल और वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डीईओ आर.पी. मिरे ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुसंधान प्रवृत्ति और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करते हैं।

Oct 29, 2025 - 12:52
 0  29
जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाई नवाचार की चमक, बेलबहरा विद्यालय बना प्रतिभाओं का केंद्र

UNITED NEWS OF ASIA.  हेमंत कुमार, बेलबहरा/ एमसीबी । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा में जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला, विज्ञान नाटिका एवं साइंस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचार सोच और प्रयोगात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे द्वारा मां सरस्वती की छाया चित्र पर पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पांडे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र पांडे और नोडल अधिकारी बलराज पाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डीईओ श्री मिरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुसंधान प्रवृत्ति, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास में अत्यंत सहायक होते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन की हर समस्या का समाधान प्रस्तुत करता है।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सतत कृषि विषय में लकी सेजेस खड़गंवा और अंजलि साहू (बेलबहरा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्लास्टिक के विकल्प विषय में आराधना (बेलबहरा) प्रथम रहीं। हरित ऊर्जा वर्ग में सचिन त्रिपाठी (सेजेस भरतपुर) प्रथम, कृतिका शर्मा (सेजेस चिरमिरी) द्वितीय तथा काव्या श्रीवास्तव (सेजेस मनेंद्रगढ़) तृतीय स्थान पर रहीं।

इसके अलावा अंश सिंह, हसन, मोहम्मद अली, आराध्या श्रीवास्तव, अन्नया सामंत, राखी, चंद्रपाल सिंह और सागर प्रसाद सिंह सहित कई विद्यार्थियों ने अपने अभिनव प्रयोगों से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।

निर्णायक मंडल में प्राचार्य श्रीकांत लांझेवार, डी.पी. रउतिया, तारीक सिद्दीकी, संदीप, खुशबू दास (पीएलसी जिला नोडल) एवं इमरान खान शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में व्याख्याता सुनीता मिश्रा एवं निर्मला अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। संचालन गोपाल सिंह ने किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों माता प्रसाद द्विवेदी, कमलेश पांडे, अश्विनी दुबे, जयंत देवांगन, नित्यानंद द्विवेदी, माया वर्मा, मंजू बघेल, शोभा जायसवाल, सुनीता यादव, अभिलाष पांडे, विशाल ठाकुर आदि को उनके सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति नई ऊर्जा और सृजनात्मक दृष्टिकोण का संचार किया।