दामापुर की छह बेटियां राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम, नेशनल गेम में करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व

दामापुर क्षेत्र की छह बालिकाओं का चयन रायपुर में आयोजित होने वाले नेशनल ओलम्पिक डे सेलिब्रेशन कराटे प्रतियोगिता के लिए हुआ है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण के उद्देश्य से शुरू की गई नि:शुल्क कराटे क्लास की छात्राएं अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

Jun 19, 2026 - 10:43
 0  2
दामापुर की छह बेटियां राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम, नेशनल गेम में करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l दामापुर क्षेत्र की छह प्रतिभाशाली बेटियां अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। रायपुर में आयोजित होने वाले नेशनल ओलम्पिक डे सेलिब्रेशन के अंतर्गत कराटे प्रतियोगिता में ये बालिकाएं हिस्सा लेंगी और क्षेत्र के साथ-साथ जिले का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।

महज दो माह पहले बेटियों को आत्मरक्षा के गुण सिखाने के उद्देश्य से शुरू की गई नि:शुल्क कराटे प्रशिक्षण पहल अब बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आई है। दामापुर और आसपास के गांवों की बालिकाएं नियमित रूप से लक्ष्य पब्लिक स्कूल शिवगंगा धाम के मैदान में कराटे प्रशिक्षण लेने पहुंचती हैं। यहां सात बार की राष्ट्रीय खिलाड़ी और कराटे प्रशिक्षक ज्योति बघेल द्वारा उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जनपद पंचायत पंडरिया के सभापति अश्वनी यदु ने बताया कि इस पहल की शुरुआत बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि किसी ने कल्पना नहीं की थी कि इतने कम समय में यह प्रयास इतना बड़ा परिणाम देगा और क्षेत्र की बेटियां राष्ट्रीय मंच तक पहुंच जाएंगी।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राओं में यशश्विनी यदु, कामनी निषाद, संस्कृति केशरवानी, दामनी यादव, रागिनी निर्मलकर और डिंपल साहू शामिल हैं। सभी बालिकाएं विभिन्न गांवों से आती हैं और कराटे के प्रति विशेष रुचि एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

21 जून को रायपुर स्थित Pandit Ravishankar Shukla University में नेशनल ओलम्पिक डे सेलिब्रेशन के तहत कराटे प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सभी प्रतिभागी एक दिन पूर्व रायपुर रवाना होंगी।

इस उपलब्धि में पंडरिया विधायक Bhawna Bohra के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बालिकाओं के लिए रायपुर में ठहरने और भोजन की व्यवस्था विधायक द्वारा कराई गई है, जिससे खिलाड़ियों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है।

अश्वनी यदु ने कहा कि बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है। कराटे जैसी विधा न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाती है, बल्कि आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित करती है।

दामापुर क्षेत्र के लोगों ने सभी प्रतिभागी बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही इस पहल को सफल बनाने वाले प्रशिक्षकों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सराहना की है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि ये बेटियां राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगी।